Jeevandata Parivar Samman: अंगदान करने वाले परिवारों को मिलेगा जीवनदाता परिवार सम्मान 2026, 2030 का भारत की अनूठी पहल

Jeevandata Parivar Samman 2026: किसी अपने को खोने का दुख जीवन की सबसे कठिन परिस्थितियों में से एक होता है, लेकिन इसी दुख के बीच कुछ परिवार अपने प्रियजन के अंगों और टिश्यू का दान कर दूसरों को नया जीवन देने का निर्णय लेते हैं। ऐसे परिवारों के त्याग, साहस और मानवता के प्रति समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से 2030 का भारत ने ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ की पहल की है।

इस आयोजन के माध्यम से अंगदान करने वाले परिवारों के साथ-साथ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इस पहल के उद्देश्य, चयन प्रक्रिया, आर्थिक सहयोग और भविष्य की योजनाओं को लेकर 2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम से विशेष बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद अंगदान को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना और अंगदान करने वाले परिवारों को उचित सम्मान दिलाना है।

Baljeet Singh Arora: राष्ट्रीय पंजाबी महासभा ने बलजीत सिंह अरोड़ा को बनाया फरीदाबाद जिला अध्यक्ष, कंचन गाबा को महिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

Jeevandata Parivar Samman: तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे जीवनदाता परिवार सम्मान

डॉ. अतुल मलिकराम के अनुसार, जीवनदाता परिवार सम्मान के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ उन परिवारों के लिए है, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन के निधन के बाद अंग अथवा टिश्यू दान में सहयोग किया है।

दूसरी श्रेणी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ उन व्यक्तियों और परिवारों के लिए है, जो समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

तीसरी श्रेणी ‘जीवन सारथी सम्मान’ के अंतर्गत डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।

Jeevandata Parivar Samman: लोकप्रियता नहीं, वास्तविक योगदान होगा चयन का आधार

सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और गरिमापूर्ण रखने पर जोर दिया गया है। डॉ. मलिकराम ने बताया कि चयन में लोकप्रियता के बजाय वास्तविक योगदान को प्राथमिकता दी जाएगी।

अंगदान करने वाले परिवारों के लिए संबंधित चिकित्सा संस्थानों की प्रमाणिक जानकारी और दान से जुड़े दस्तावेज महत्वपूर्ण होंगे। वहीं, जागरूकता श्रेणी में अभियानों, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन किया जाएगा। चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों का चयन उनके कार्य और योगदान के आधार पर होगा।

योग्य परिवारों और व्यक्तियों तक पहुंचने के लिए संबंधित संस्थाओं की मदद से नामांकन और अनुशंसा की व्यवस्था भी की गई है।

Jeevandata Parivar Samman: सरकारी ग्रांट नहीं, व्यक्तिगत सहयोग और CSR से आगे बढ़ेगी पहल

आर्थिक सहयोग के सवाल पर डॉ. अतुल मलिकराम ने बताया कि फिलहाल इस पहल के लिए कोई सरकारी ग्रांट या आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हो रही है। संगठन व्यक्तिगत सहयोग, स्वयंसेवकों और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से साझेदारी की संभावनाओं पर काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि 2030 का भारत एक पंजीकृत फाउंडेशन है और इसे आयकर अधिनियम के तहत 80G प्रमाणन प्राप्त है। संगठन सरकारी सहयोग की संभावनाओं का भी स्वागत करता है। उनका प्रयास है कि यह सामाजिक पहल किसी एक आर्थिक स्रोत पर निर्भर न रहे।

Jeevandata Parivar Samman: इंदौर से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य

डॉ. मलिकराम ने कहा कि जीवनदाता परिवार सम्मान की शुरुआत इंदौर से हुई है, लेकिन इसका उद्देश्य केवल एक शहर तक सीमित रहना नहीं है। अंगदान मानवता से जुड़ा विषय है और इसकी जरूरत पूरे देश में है।

संगठन का लक्ष्य इस पहल को मध्य प्रदेश के अन्य शहरों तक पहुंचाने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने का है, ताकि अधिक से अधिक अंगदाता परिवारों और जागरूकता अभियान से जुड़े लोगों को सम्मान मिल सके।

Jeevandata Parivar Samman: अंगदान को लेकर भ्रांतियां दूर करने पर रहेगा जोर

समाज में अंगदान को लेकर आज भी कई तरह की भ्रांतियां और जानकारी का अभाव देखने को मिलता है। डॉ. मलिकराम के अनुसार, इन भ्रांतियों को दूर करने का सबसे प्रभावी तरीका सही जानकारी और निरंतर संवाद है।

इसके लिए चिकित्सा विशेषज्ञों के माध्यम से लोगों तक प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के साथ स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के साथ जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अंगदान करने वाले परिवारों की प्रेरक कहानियां सामने आने से समाज में सकारात्मक सोच विकसित हो सकती है। हालांकि, अंगदान का निर्णय पूरी तरह स्वैच्छिक होना चाहिए। इस पहल का उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना है।

Jeevandata Parivar Samman: शिक्षा से लेकर आजीविका तक सामाजिक कार्यों में सक्रिय है 2030 का भारत

डॉ. अतुल मलिकराम ने बताया कि 2030 का भारत शिक्षा, आजीविका, सामाजिक विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी काम कर रहा है।

संगठन के टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत कक्षा एक से आठ तक के शिक्षकों को प्रशिक्षण और सहयोग दिया जाता है। वहीं, प्रोजेक्ट अपलिफ्ट के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और वंचित समुदायों को संसाधनों एवं बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर सेंटर तथा बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास से जुड़ी पहलें भी संगठन की गतिविधियों में शामिल हैं।

Jeevandata Parivar Samman: एक दिन का आयोजन नहीं, निरंतर सामाजिक अभियान बनाना लक्ष्य

जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 की सफलता को लेकर डॉ. मलिकराम ने कहा कि उनके लिए सफलता केवल सम्मानित होने वाले परिवारों की संख्या तक सीमित नहीं है।

यदि इस आयोजन के बाद लोग अपने परिवारों में अंगदान पर चर्चा शुरू करते हैं, युवा जागरूकता फैलाने के लिए आगे आते हैं और समाज में अंगदान को लेकर सकारात्मक सोच विकसित होती है, तो यह बड़ी उपलब्धि होगी।

उन्होंने कहा कि संगठन की कोशिश है कि जीवनदाता परिवार सम्मान केवल एक दिन का आयोजन बनकर न रह जाए, बल्कि इसे निरंतर चलने वाले सामाजिक अभियान का रूप दिया जाए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.