जयपुर: दांतली गांव के कुएं में युवक का शव मिलने से सनसनी, ग्रामीणों में आक्रोश — लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस

जयपुर, 05 मई 2025: जमवारामगढ़ के आंधी थाना क्षेत्र के दांतली गांव में सोमवार को एक कुएं से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जयपुर निवासी करण नायक के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले एक बारात में दांतली गांव आया था और तभी से लापता था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव को उतराता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही आंधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया।

ग्रामीणों में रोष, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कई कुएं खुले पड़े हुए हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। छह महीने पहले जिला प्रशासन की ओर से खुले कुएं और बोरवेल को बंद करने का अभियान चलाया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

एसडीएम ने लापरवाही पर थमाए नोटिस
घटना को गंभीरता से लेते हुए जमवारामगढ़ एसडीएम ललित मीणा ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
इनमें ग्राम विकास अधिकारी भावनी प्रहलाद गुर्जर, पटवारी राजेंद्र पींगोलिया, कृषि पर्यवेक्षक किशोर कुमार बुनकर और पूर्व ग्राम विकास अधिकारी शानू सैनी शामिल हैं। सभी को 17 सीसीए के तहत नोटिस दिया गया है।
एसडीएम ने ग्राम पंचायत स्तरीय सुरक्षा समिति और आंधी तहसील के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

जांच जारी, परिजनों की मांग—दोषियों पर हो कार्रवाई
करण नायक के परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो और क्षेत्र में खुले पड़े सभी कुएं व बोरवेल को तत्काल ढंका जाए।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.