Ellenabad, 27 जुलाई (एम पी भार्गव): यहां से सात किलो मीटर दूर स्थित राज्य राजस्थान सीमा पर जिला हनुमानगढ़ के गांव टिब्बी में अपराधों की रोकथाम, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी कर आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
टिब्बी थानाधिकारी राकेश सांखला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने सुनसान स्थानों, खंडहरनुमा भवनों तथा संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों में विशेष तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास किया। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की।
थानाधिकारी राकेश सांखला ने बताया कि जिले में अपराध, नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा अपराधियों में कानून का भय कायम रखना है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
