“ऑपरेशन ट्रैकडाउन” के तहत संगीन अपराधों में संलिप्त वांछित भगौड़ों की धरपकड़ तेज करें – एसपी दीपक सहारन

नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश सप्ताहिक समीक्षा होगी पुलिस कर्मियों के कार्यों की, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई – एसपी

  • रिपोर्ट:एमपी भार्गव

ऐलनाबाद (सिरसा), 10 नवंबर सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों, सीआईए व नारकोटिक्स टीमों की बैठक ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा के आदेशानुसार पूरे प्रदेश में 5 से 20 नवंबर तक “ऑपरेशन ट्रैकडाउन” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में फिरौती, अपहरण, गोलीबारी, हत्या जैसे संगीन अपराधों में वांछित व भगौड़े अपराधियों की धरपकड़ तेज करें। साथ ही आदतन अपराधियों की हिस्ट्री शीट खोलकर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखें, ताकि वे भविष्य में किसी अन्य अपराध को अंजाम न दे सकें।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आमजन के सहयोग से नशे व अवैध धंधों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न आपराधिक मामलों में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ अदालत में मजबूत पैरवी की जाए ताकि अपराधियों को कठोर सजा मिल सके।
उन्होंने कहा कि सिरसा में नशे का सफाया करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। यदि किसी थाना क्षेत्र में नशीला पदार्थ बिकता पाया गया, तो थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसपी ने यह भी निर्देश दिए कि पीएम विंडो, सीएम विंडो और हर समय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निपटारा किया जाए। थाने में आने वाले हर फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उसे शीघ्र न्याय दिलाया जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा और भरोसे की भावना बनी रहे।
उन्होंने कहा, “पुलिस विभाग जनसेवा का सबसे प्रभावी माध्यम है। पुलिसकर्मी सेवा, सुरक्षा, सहयोग और सत्यनिष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें और विभाग की अच्छी छवि बनाए रखें।”
सहारन ने थानों की रिकॉर्ड व्यवस्था और सफाई को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि अब हर सप्ताह थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.