गाजियाबाद मेजर आशाराम त्यागी क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन वाइपर्स का दबदबा, 69 रन से जीतकर जीता खिताब 

गाजियाबाद के मकरैड़ा स्थित मेजर आशाराम त्यागी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला रोमांच और रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी का गवाह बना। फाइनल में Indian Vipers ने शानदार प्रदर्शन करते हुए The Elite Eleven को 69 रनों से हराकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडियन वाइपर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 346 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस पारी के सबसे बड़े नायक रहे विक्की चाहल, जिन्होंने सिर्फ 45 गेंदों में विस्फोटक 165 रन ठोक दिए। उनकी इस यादगार पारी में 10 चौके और 20 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात से दर्शक रोमांचित हो उठे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बैटर का पुरस्कार दिया गया।
347 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी द एलाइट इलेवन की टीम ने भी संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 19 ओवर में 277 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंडियन वाइपर्स की ओर से ललित चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 45 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट बॉलर चुना गया।
मैच समाप्त होने के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर टूर्नामेंट के आयोजक शुभम त्यागी ने खिलाड़ियों, अतिथियों, पत्रकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी मेजर आशाराम त्यागी क्रिकेट स्टेडियम में ऐसे भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.