रामपुर में कांग्रेस की प्रेस वार्ता में गुटबाजी के सवालों पर घिरी पार्टी
बड़े पदाधिकारी रहे नदारद, पत्रकारों के तीखे सवालों से बचते नजर आए नेता
रामपुर: 01 जुलाई को रामपुर में कांग्रेस पार्टी की सिविल लाइन स्थित पूर्व विधायक संजय कपूर के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के अंदरूनी हालात उजागर होते नजर आए। प्रेस वार्ता को जिला अध्यक्ष प्रामिल कुमार शर्मा उर्फ निक्कू पंडित, शहर अध्यक्ष बाकर अली खां उर्फ हारुन खां और पूर्व विधायक संजय कपूर ने संबोधित किया।
पूर्व विधायक संजय कपूर ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान जारी है। प्रदेश नेतृत्व ने कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव सहित 92 पदाधिकारियों की सूची स्वीकृत कर भेजी है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
हालांकि, प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी गैरहाजिर रहे, जिससे अंदरूनी गुटबाजी की अटकलें तेज हो गईं। पत्रकारों के गुटबाजी संबंधी सवालों पर कांग्रेस नेताओं ने सीधा जवाब देने से परहेज़ किया और सवालों को टालते नजर आए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली, जिससे साफ हो गया कि कांग्रेस में आंतरिक मतभेदों की स्थिति बनी हुई है।
पत्रकारों के बीच यह चर्चा भी रही कि पार्टी नेतृत्व एकता का संदेश देने आया था, लेकिन वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति और सवालों से बचने की कोशिशें पार्टी की स्थिति को उल्टा ही उजागर कर गईं।
