अमृतसर/अजनाला। अजनाला तहसील के सीमा क्षेत्र के गांव बउलियां से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उसने उनके छोटे बच्चे का अपहरण कर लिया, उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे नशे की आदत डालने की कोशिश की।
महिला का आरोप है कि आरोपी पति बच्चे का वीडियो भेजकर 4 लाख रुपये फिरौती की मांग कर रहा है। पीड़ित मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने कहा कि शिकायत पुलिस को देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
परिवार का आरोप
बच्चे के नाना ने भी मीडिया को बताया कि उनका दोहता जवाई के पास ही है और वह उसे छोड़ने के बदले लाखों रुपये मांग रहा है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि जब बच्चा ले जाया गया था तब वह अमृतधारी था, लेकिन आरोपी पिता ने उसका केस (बाल) कटवा दिया। इससे न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में आक्रोश है और लोग इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला मान रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने कहा कि पीड़ित महिला जोती की शिकायत पर कार्रवाई जारी है। आरोपी जिस नंबर से कॉल कर रहा था, वह इस समय बंद है, लेकिन पुलिस उसकी तकनीकी जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
