रामपुर में अवैध डग्गामारी चरम पर, ट्रैफिक विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

रामपुर। शहर में नियम-कायदों को ताक पर रखकर अवैध तरीके से टेंपो और ई-रिक्शा का संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे जिलों, खासकर मुरादाबाद के टेंपो और ई-रिक्शा, रामपुर में खुलेआम संचालित हो रहे हैं। तस्वीरों में भी देखा जा सकता है कि इन वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं।

शहर के प्रमुख स्थानों और चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र, माल गोदाम चौराहा, अंबेडकर पार्क सहित अन्य स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद अवैध डग्गामार वाहनों का संचालन जारी रहने का आरोप है।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब ट्रैफिक विभाग के हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल विभिन्न चेक पोस्ट और प्रमुख प्वाइंट पर तैनात रहते हैं, तो नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे इन वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

आरोप है कि डग्गामार वाहन चालक लगातार यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

प्रदेश सरकार की ओर से अवैध परिवहन और डग्गामारी पर रोक लगाने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद रामपुर में कथित तौर पर अवैध वाहनों का संचालन जारी रहने से ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.