रामपुर में अवैध डग्गा मार वाहनों से हो रही मोटी कमाई, पुलिस प्रशासन और ठेकेदार खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे
रामपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के माल गोदाम चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में अवैध डग्गा मार वाहनों के संचालन का मामला गंभीर होता जा रहा है। पिकअप वाहनों में अवैध रूप से सवारी बिठाकर मोटा पैसा वसूलने का काम लगातार जारी है। ठेकेदार और मुंशी पुलिस प्रशासन की आंखों में धूल झोंकते हुए अपनी गैरकानूनी गतिविधियों को जारी रखे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, माल गोदाम चौराहे से लेकर बिलासपुर गेट, पहाड़ी गेट और बरेली गेट तक अवैध डग्गा मारी की जा रही है। अंबेडकर पार्क चौराहे से लेकर पंवारिया चौराहे तक भी पिकअप से सवारी बैठाकर पैसे वसूले जा रहे हैं। यह कार्य सीधा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशों की अवहेलना करता है, जिसमें अवैध डग्गा मार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश हैं।
स्थानीय लोग और परिवहन विभाग के अधिकारी जाम और अव्यवस्था से परेशान हैं। माल गोदाम चौराहे पर भारी यातायात जाम की समस्या रहती है, जिससे उत्तराखंड और यूपी के लिए चलने वाली बसें भी प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में ठेकेदार और मुंशी अपने गुंडागर्दी भरे व्यवहार से पुलिस कर्मचारियों को चुनौती दे रहे हैं और कानून की परवाह नहीं कर रहे।
स्थानीय प्रशासन और आरटीओ की निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। समाचार प्रकाशित होने और छापे पड़ने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। नागरिक मांग कर रहे हैं कि पुलिस और परिवहन विभाग अवैध डग्गा मार वाहनों पर तत्काल कार्रवाई करें, ठेकेदारों और मुंशी को जिम्मेदार ठहराएं और कानून का पालन सुनिश्चित करें।
देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में सख्ती दिखाता है या अवैध गतिविधियों को अनदेखा करता रहता है।
