शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण का आरोप, अभियुक्त गिरफ्तार
• मुकदमा दर्ज होने के 14 घंटे के भीतर जुगैल पुलिस ने की कार्रवाई
जुगैल(सोनभद्र)। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत थाना जुगैल पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने के आरोप में वांछित अभियुक्त विशांत उर्फ विसंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को 21 वर्षीय युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि ग्राम झरपिया निवासी उसके विवाहित पड़ोसी विशांत उर्फ विसंत पुत्र राम सुग्रीम ने 6 और 10 अक्टूबर को शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 अक्टूबर को सुबह करीब 10:10 बजे जोरबा गेट के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक मेराज खान, हेड कांस्टेबल शमशेर यादव, कांस्टेबल पवन कुमार यादव और महिला कांस्टेबल श्वेता उत्तम शामिल रहीं।
