नियमों की अनदेखी बन सकती है, बड़े हादसे की वजह! ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पेट्रोल पंप भविष्य में दे सकता है बड़ी दुर्घटना को जन्म!
- रिपोर्ट- अशोक महान
(अलवर):- अलवर- अलवर शहर का ट्रांसपोर्ट नगर वह इलाका है जहां रोजाना हजारों की संख्या में बड़े ट्रक और छोटे वाहन मरम्मत के लिए आते हैं। यहां सैकड़ों दुकानें और हजारों मजदूर काम करते हैं। यही कारण है कि यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है। इसी इलाके में HP कंपनी का एक बड़ा पेट्रोल पंप संचालित हो रहा है, जहां 24 घंटे हजारों लीटर पेट्रोल भरा रहता है।
लेकिन सुरक्षा नियमों की अनदेखी इस पेट्रोल पंप पर साफ देखी जा सकती है। पेट्रोल पंप पर तीनों ओर 1.8 मीटर ऊंची दीवार होना आवश्यक है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। बावजूद इसके इस पंप पर दो साइड दीवारें ही नहीं बनी हुई हैं। ऐसे में ट्रक और अन्य वाहन सीधे पंप क्षेत्र में घुस जाते हैं। यदि तेज रफ्तार से कोई भारी वाहन प्रवेश करता है तो यह पेट्रोल पंप किसी भी समय बड़े हादसे का शिकार हो सकता है।
इसी के साथ पंप परिसर में सुरक्षा मानकों की और भी अनदेखी की जा रही है। पेट्रोल पंप के मालिक ने हवा भरने की दुकान पर बड़े-बड़े ट्रक टायरों की रिपेयरिंग का काम शुरू कर रखा है। यह कार्य नियमों के खिलाफ है। पहले भी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में टायर फटने से दो मजदूरों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी पेट्रोल पंप परिसर में भारी टायर सुधारने का काम होना संभावित खतरे को और बढ़ा रहा है।
HP अधिकारियों का पक्ष
इस संदर्भ में जब HP कंपनी के उच्च अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक को पहले भी दीवार बनाने के लिए कहा जा चुका है। वहीं, पंप परिसर में टायर रिपेयरिंग का काम नियम विरुद्ध है। पंप मालिक को जल्द ही इस संबंध में नोटिस देकर नियमों के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के लिए कहा जाएगा।
