- रिपोर्ट: जीतेन्द्र ठाकुर
Modinagar: मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के तिबड़ा रोड स्थित इंद्रापुरी कॉलोनी में सोमवार को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) की ओर से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मंजू शिवाच मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने कहा कि PNG परियोजना मोदीनगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल गैस आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे घरेलू जीवन और अधिक आसान बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और हर घर तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में शहरों और कस्बों में पाइप्ड नेचुरल गैस नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।
विधायक ने बताया कि इस परियोजना को मोदीनगर में शुरू कराने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। सरकार के समक्ष लगातार मांग उठाने के बाद अब क्षेत्रवासियों को यह महत्वपूर्ण सुविधा मिलने जा रही है, जिससे हजारों परिवार लाभान्वित होंगे।
स्थानीय नागरिकों ने भी IGL की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
