- रिपोर्ट: मनीष कुमार
सोनभद्र(दुद्धी)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पंचायत दुद्धी के रामलीला खेल मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। “योग कर्मसु कौशलम्” एवं “स्वस्थ तन, शांत मन” के संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने योग को भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसके माध्यम से स्वस्थ और निरोग जीवन का संदेश दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन के नेतृत्व में आयोजित शिविर का संचालन पतंजलि योगपीठ के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी एवं डॉ. अरुण कुमार विश्वास के मार्गदर्शन में हुआ। योग प्रशिक्षिकाओं पूजा सिंह, रितिका प्रजापति और ममता श्रीवास्तव ने विभिन्न योगासन, सूक्ष्म व्यायाम तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं उज्जाई प्राणायाम का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि क्षेत्र के पत्रकारों का सम्मान रहा। निष्पक्ष पत्रकारिता एवं सामाजिक योगदान के लिए अजीत कुमार सिंह, अशोक कनौजिया, राकेश कुमार गुप्ता, श्याम अग्रहरि, देवश मोहन, दिलीप दत्ता तथा रीना राय को पतंजलि योगपीठ द्वारा अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्वास्थ्य संबंधी पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहकारिता के जिला संयोजक रामेश्वर राय, जिला मंत्री दिलीप पांडेय, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, नंदलाल अग्रहरि, अधिवक्ता शिव शंकर सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, स्कूली छात्र-छात्राएं और आमजन कार्यक्रम में शामिल हुए। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने विश्व कल्याण, मानव स्वास्थ्य एवं आरोग्यता की सामूहिक प्रार्थना करते हुए योग को नियमित दिनचर्या में अपनाने का संकल्प लिया।
