अमृतसर के तरनतारन रोड पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो में सवार 4 लोगों की मौत, कई घायल

अमृतसर। गुरूवार दोपहर बाद अमृतसर-तरनतारन रोड पर स्थित टहला साहिब गुरुद्वारे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार कार और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में ऑटो में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त ऑटो में करीब नौ लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया गया है कि कार चालक नशे की हालत में था, जिससे यह दुर्घटना हुई। कार चालक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही कार चालक की मेडिकल जांच भी कराई जाएगी ताकि नशे की पुष्टि की जा सके।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.