होली पर मिठाइयों में रंगों का तड़का, अमृतसर में खास फ्लेवर की गुझिया बनी आकर्षण

मैंगो, चॉकलेट और पिस्ता गुझिया की देश-विदेश में डिमांड, ऑनलाइन ऑर्डर से बढ़ी रौनकबातचीत में दुकानदार ने बताई होली स्पेशल तैयारियों की कहानी

अमृतसर: होली का त्योहार पूरे देश में जोश और उल्लास के साथ मनाया जाता है। रंगों, गुलाल और खुशियों के इस पर्व को और भी खास बनाने के लिए अमृतसर के मिठाई दुकानदारों ने इस बार कुछ अलग और खास तैयारियां की हैं। अमृतसर के एक मिठाई दुकानदार से खास बातचीत की, जिसमें होली पर बनने वाली अनोखी मिठाइयों की जानकारी सामने आई।
दुकानदारों ने इस बार पारंपरिक गुझिया को नए-नए स्वादों के साथ पेश किया है। बाजार में मैंगो गुझिया, चॉकलेट गुझिया, पिस्ता गुझिया और स्ट्रॉबेरी गुझिया खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दुकानदारों का कहना है कि अब सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि देशभर से इन खास मिठाइयों की डिमांड आ रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए इन मिठाइयों को ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेशों में भी भेजा जा रहा है।
दुकानदार अंजली ने बताया कि होली प्यार, सौहार्द और रंगों का त्योहार है। लोग अलग-अलग रंगों के साथ होली खेलते हैं, इसी सोच के साथ ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रंगों और फ्लेवर की मिठाइयां तैयार की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन खास मिठाइयों को लोगों का भरपूर प्यार मिल रहा है और हर दिन ऑर्डर की संख्या बढ़ रही है।
अंजली ने आगे बताया कि मिठाइयों के साथ-साथ इस बार खास गिफ्ट पैक भी तैयार किए गए हैं। इन गिफ्ट पैक में मिठाइयों के साथ रंग भी पैक किए गए हैं, ताकि लोग रंगों के साथ होली खेलें और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर त्योहार की खुशियां साझा करें। दुकानदारों का मानना है कि इस तरह के नए प्रयोग न सिर्फ कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि होली की खुशियों को भी दोगुना कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.