हरियाणा, 25 अक्टूबर (एम.पी. भार्गव) मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज हरियाणा सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, डीजीपी ओ.पी. सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता और अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार समेत कई प्रशासनिक सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा जिला स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रदेशभर में चल रही धान और बाजरा खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और किसानों को समय पर भुगतान व पारदर्शी खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक का मुख्य एजेंडा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है, जिसे पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी जिलों में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही बैठक में श्री गुरु तेग़ बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समागम पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस आयोजन को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ समय से पूरी की जाएँ।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में चल रहे विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
