केंद्रीय मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च-स्तरीय समिति द्वारा पांच राज्यों को 1554.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मंजूर

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च-स्तरीय समिति (HLC) ने वर्ष 2024 में बाढ़, आकस्मिक बाढ़, भूस्खलन और चक्रवाती तूफान से प्रभावित पांच राज्यों को राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (NDRF) के तहत 1554.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का यह कदम प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित इन राज्यों के लोगों की मदद करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस सहायता राशि में आंध्र प्रदेश के लिए 608.08 करोड़ रुपये, नागालैंड के लिए 170.99 करोड़ रुपये, ओडिशा के लिए 255.24 करोड़ रुपये, तेलंगाना के लिए 231.75 करोड़ रुपये और त्रिपुरा के लिए 288.93 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। यह राशि राज्य आपदा मोचन कोष (SDRF) में उपलब्ध प्रारंभिक शेष राशि के 50% के समायोजन के अधीन है।

केंद्र सरकार द्वारा यह अतिरिक्त सहायता राज्य आपदा मोचन कोष (SDRF) से पहले ही जारी की गई धनराशि के अतिरिक्त है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में, केंद्र ने SDRF के तहत 27 राज्यों को 18,322.80 करोड़ रुपये, NDRF से 18 राज्यों को 4,808.30 करोड़ रुपये, राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष (SDMF) से 14 राज्यों को 2208.55 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष (NDMF) से 08 राज्यों को 719.72 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

केंद्र सरकार ने आपदाओं के तुरंत बाद, औपचारिक ज्ञापन का इंतजार किए बिना, प्रभावित राज्यों में अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमों (IMCTs) को भेजा था।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.