रेनू भाटिया ने दिया इस्तीफा, कुरुक्षेत्र विवाद के बाद बढ़ा था विरोध

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को भेजा त्यागपत्र

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अपना त्यागपत्र भेजते हुए पद छोड़ने की घोषणा की। हालांकि इस्तीफे में उन्होंने किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि हाल ही में कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में हुए विवाद और उसके बाद नर्सिंग स्टाफ के विरोध का इस फैसले से संबंध हो सकता है।

इस्तीफे में जताया सरकार का आभार

मुख्यमंत्री को भेजे अपने त्यागपत्र में रेनू भाटिया ने लिखा कि उन्होंने पिछले लगभग साढ़े चार वर्षों के दौरान पूरी निष्ठा और ईमानदारी से हरियाणा राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई वह आगे भी जारी रखेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि उन्हें कोई नई जिम्मेदारी सौंपी जाती है तो उसका भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगी।

कुरुक्षेत्र अस्पताल विवाद के बाद बढ़ा था विरोध

बीते दिनों कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी सरकारी अस्पताल में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया था। इस मामले में एक डॉक्टर को गिरफ्तार भी किया गया था।

यह भी पढ़ें- तीर्थ यात्राएं समाज को जोडऩे और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोडऩे का माध्यम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 

घटना के बाद अस्पताल पहुंचीं रेनू भाटिया ने ड्यूटी पर मौजूद नर्सों से सवाल किया था कि घटना के समय वे वहां क्यों नहीं थीं और बच्ची को अकेला क्यों छोड़ा गया। इस टिप्पणी के बाद नर्सिंग स्टाफ में नाराजगी बढ़ गई थी।

नर्सों ने की थी बर्खास्तगी की मांग

रेनू भाटिया के बयान के विरोध में करनाल समेत प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों की स्टाफ नर्सों ने प्रदर्शन किया था। करनाल जिला नागरिक अस्पताल में नर्सों ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल भी की थी।

प्रदर्शनकारी नर्सों ने रेनू भाटिया को पद से हटाने की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.