हरियाणा में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ ने उपयुक्त को सौंपा ज्ञापन
Jind (Haryana), August 3 (एम पी भार्गव): सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा (जिला जींद) ने राज्य के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और स्वायत्त संस्थाओं में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों के नियमितीकरण (पक्का करने) की मांग को लेकर रोष प्रदर्शन किया। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन के माध्यम से संघ के जिला प्रधान संजीव ढांडा और जिला सचिव सन्नी डागर ने बताया कि प्रदेश के सरकारी विभागों में लाखों कच्चे कर्मचारी वर्षों से स्थायी कर्मचारियों के समान निष्ठा और जिम्मेदारी से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन वे आज भी नियमितीकरण के लाभ से वंचित हैं।
संघ ने मांग की है कि न्यायालयों के विभिन्न निर्णयों (पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के 23 व 31 दिसंबर 2025 तथा सर्वोच्च न्यायालय के अप्रैल, जून और जुलाई 2026 के निर्णय) तथा सरकार की 1993 से 2014 तक की नियमितीकरण नीतियों का सामान्यीकरण किया जाए।
ज्ञापन में की गई मुख्य मांगें:
2 वर्ष की सेवा पर नियमितीकरण: 240 दिन प्रतिवर्ष के आधार पर 2 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सभी पात्र कर्मचारियों व शिक्षकों को पक्का किया जाए।
HKRN को समाप्त करना: हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) को समाप्त कर उसके तहत लगे कर्मचारियों और अन्य अनियमित/हटाए गए कर्मचारियों को विभागों में समायोजित कर नियमित किया जाए।
समान काम-समान वेतन: पक्का होने तक सभी कच्चे कर्मचारियों को “समान कार्य के लिए समान वेतन” के सिद्धांत के तहत वेतन, भत्ते, मेडिकल, LTC, अवकाश और अन्य सुविधाएं दी जाएं।
सुरक्षा एवं पुरानी पेंशन (OPS): नियमितीकरण प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी कर्मचारी को नौकरी से न निकाला जाए और पक्के होने वाले कर्मचारियों पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू की जाए।
नियमित भर्ती व 8वां वेतन आयोग: जनसंख्या के अनुपात में 12 लाख नियमित पदों का सृजन कर पारदर्शी भर्ती की जाए तथा 8वें वेतन आयोग का गठन कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान किया जाए।
सर्व कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई है कि हरियाणा सरकार अदालतों के आदेशों और अपनी नीतियों का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम उठाएगी।
