सिरसा, (ऐलनाबाद ) ( एम पी भार्गव): हरियाणा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक और निर्णायक कदम उठाते हुए सिरसा रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता हासिल की है। आज एएसआई बलवीर सिंह, इंचार्ज एनडीपीएस एवं एवीटी स्टाफ, कार्यालय पुलिस अधीक्षक रेलवे हिसार के नेतृत्व में पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल और थाना जीआरपी सिरसा के साथ मिलकर सामूहिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो नशा तस्करों को रंगे हाथों पकड़ लिया और भारी मात्रा में अफीम के साथ नकदी भी बरामद की।
बरामदगी और गिरफ्तारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मंदीप सिंह पुत्र हमीर सिंह निवासी कलाल वाला, जिला बठिंडा, पंजाब के कब्जे से 1 किलो 068 ग्राम अफीम बरामद की। वहीं दूसरे आरोपी मुकेश उर्फ भुरु पुत्र रामबाबू निवासी रामगंज मंडी, जिला कोटा, राजस्थान से पचास हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
पूछताछ से खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मुकेश राजस्थान के रामगंज मंडी से अफीम लेकर सिरसा पहुंचा था और उसने रेलवे स्टेशन पर ही यह नशा मंदीप सिंह को सौंपा। बदले में उसे पचास हजार रुपये मिले। पुलिस की तत्परता और सतर्कता से यह पूरा सौदा मौके पर ही विफल कर दिया गया और दोनों आरोपियों को वहीं गिरफ्तार कर लिया गया।
कानूनी कार्रवाई
इस संबंध में थाना जीआरपी सिरसा में अभियोग संख्या 32 दिनांक 02 सितम्बर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया ।
जांच की जिम्मेदारी
अभियोग में सब इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह इंचार्ज चौकी जीआरपी डबवाली बतौर द्वितीय अन्वेषण अधिकारी कार्य कर रहे है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी को जड़ से खत्म करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कहा है कि रेलवे मार्ग और सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
