डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर से मिले सांसद गुरजीत सिंह औजला, कहा- सत्य और ईमानदारी की जीत होती है

Amritsar: अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने मंगलवार को दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती गुरशरण कौर से उनके गृह स्थान पर दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें श्री हरिमंदिर साहिब का प्रसाद ओर सिरोपाव भेंट कर सम्मान व्यक्त किया और डॉ. मनमोहन सिंह की देश के प्रति निस्वार्थ सेवाओं को श्रद्धापूर्वक याद किया।

औजला ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जैसी महान शख्सियत की प्रतिभा, ईमानदारी और सादगी को पूरी दुनिया स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि जीवनभर डॉ. सिंह ने देश के लिए कई महान काम किये लेकिन उन्हें कई तरह की आलोचनाओं और आरोपों का सामना करना पड़ा। खास तौर पर बीजेपी ने उन जैसी महान शख्सियत को कठघरे में खड़ा कर दिया लेकिन “ईश्वर की अदालत में देर है, अंधेर नहीं।” आज समय उनके निष्कलंक व्यक्तित्व और निस्वार्थ सेवा का साक्षी बन रहा है।

सांसद ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए ईश्वर की अनमोल देन थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश और देशवासियों के कल्याण के लिए समर्पित किया और भारत की प्रगति में अमूल्य योगदान दिया।

औजला ने गुरशरण कौर से मिलकर उनके परिवार के प्रति संवेदना और सम्मान व्यक्त किया तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि डॉ. मनमोहन सिंह की पवित्र आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार को सदैव चढ़दी कला में रखें। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का जीवन और आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा बने रहेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.