माँ दुर्गा चैरिटेबल ट्रस्ट का भव्य धार्मिक आयोजन 27 मार्च को, ‘मैया रानी का खजाना’ होगा वितरित

ऐलनाबाद, मार्च (एम.पी. भार्गव) चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर माँ दुर्गा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा दुर्गा मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ट्रस्ट के प्रधान अशोक कुमार धानुका और प्रवक्ता एम.पी. तवर ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी श्रद्धालुओं को इसमें शामिल होने का आमंत्रण दिया है।

कार्यक्रम के तहत 26 मार्च को सुबह कंजका पूजन के बाद माता रानी का विशेष प्रसाद वितरण किया जाएगा, जो पूरे दिन चलता रहेगा। वहीं रात्रि में विशेष हवन यज्ञ का आयोजन होगा, जिसकी शुरुआत विधिवत पूजन और मंत्रोच्चारण के साथ रात 9:15 बजे की जाएगी। इस दौरान मंदिर प्रांगण में महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन भी प्रस्तुत किया जाएगा।

नवरात्र समापन के अवसर पर 27 मार्च को विशेष आकर्षण के रूप में माता रानी की भव्य संध्या आरती आयोजित होगी। आरती के तुरंत बाद सभी भक्तों को ‘मैया रानी का खजाना’ वितरित किया जाएगा, जो रात 10:00 बजे तक जारी रहेगा।

ट्रस्ट के प्रधान अशोक कुमार धानुका ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि माता रानी का खजाना प्राप्त करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। वहीं प्रवक्ता एम.पी. तवर ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें और इन भक्तिमय कार्यक्रमों का लाभ उठाएं।

यह खबर ‘वक्त की आवाज’ के संपादक संदीप तलवाडिया द्वारा प्रेषित की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.