रामपुर में सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम, विकास कार्यों की झलक प्रस्तुत

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर में सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र एवं भारत भूषण गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से जनपद में कराए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।

राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा और विकास की नई यात्रा के 9 वर्ष पूरे हो चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2017 के जनादेश को व्यवस्था परिवर्तन का संदेश बताते हुए कहा कि इन वर्षों में प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था और निराशा से विश्वास की ओर ऐतिहासिक यात्रा तय की है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कानून का राज, पारदर्शी प्रशासन और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को सरकार की प्राथमिकता बताया। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराध और माफिया पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है, जिससे प्रदेश निवेश के लिए सुरक्षित वातावरण बना है।

गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। महिला सशक्तिकरण के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

कृषि क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने खाद्यान्न उत्पादन, गन्ना मूल्य भुगतान और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिलने की बात कही। साथ ही युवाओं को रोजगार, टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण, स्टार्टअप और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया।

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक निवेश के माध्यम से प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या के विकास कार्यों से पर्यटन को नई गति मिली है। उन्होंने वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य भी दोहराया।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि जनपद में आईजीआरएस और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रभावी कार्य किया जा रहा है। फार्मर रजिस्ट्री में रामपुर ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और नवाचारों के जरिए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग के लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा लाभार्थियों को विद्युत चालित चाक, पगमिल मशीन और दोना मेकिंग मशीन वितरित की गई। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया गया, वहीं कृषि विभाग द्वारा किसानों को कृषि यंत्रों के प्रमाण पत्र दिए गए।

इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें आरिफ नादान कव्वाल, रामपुर एवं मस्ताना एंड पार्टी, शाहबाद ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में दूर-दराज से आए लाभार्थी और अधिकारीगण मौजूद रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.