-बेटी को ट्यूशन छोड़ने जाते समय अज्ञात हमलावरों ने किया जानलेवा हमला
-तेजधार हथियारों से सिर और गर्दन पर किए गए वार, मौके पर हुई मौत
-घरेलू विवाद समेत सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर। जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव राणा काला और नरैणगढ़ ड्रेन के पास दिनदहाड़े एक सरकारी शिक्षक की निर्मम हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद क्षेत्र में भय और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
मृतक की पहचान जगदीप सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव मालोवाल-तलवंडी के रूप में हुई है। वह पेशे से सरकारी शिक्षक थे। जानकारी के अनुसार जगदीप सिंह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावरों की संख्या चार बताई जा रही है। आरोपियों ने शिक्षक पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही जंडियाला गुरु के डीएसपी बलजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और वारदात के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।
डीएसपी बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया गया कि जगदीप सिंह के सिर और गर्दन पर किसी तेजधार हथियार से वार किए गए थे। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का कुछ घरेलू विवाद भी चल रहा था। हालांकि पुलिस किसी एक एंगल पर निर्भर नहीं है और हत्या के पीछे के सभी संभावित कारणों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
