विश्वकर्मा जयंती पर नगरवासियों को शुद्ध पेयजल की सौगात
पांच वार्डों में सोलर आरओ वाटर कूलर का शुभारंभ, एक वार्ड में सभासद के घर आरओ प्लांट लगाने पर उठे सवाल
- रिपोर्ट : मनीष कुमार
दुद्धी(सोनभद्र)। विश्वकर्मा पूजनोत्सव के अवसर पर गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने नगर के पांच वार्डों में सोलर आरओ वाटर कूलर सिस्टम का शुभारंभ कर इसे नगरवासियों को समर्पित किया। वार्ड नंबर 2, 3, 5, 10 और 11 में शुरू हुई इस सुविधा से स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। चेयरमैन ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप नगर के सभी वार्डों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं। उनके अनुसार शेष वार्डों में भी कार्य जारी है और जल्द ही वहां के लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। • सभासद के घर आरओ प्लांट लगाए जाने को लेकर चर्चाओं का दौर
इधर, वार्ड नंबर तीन में सभासद के घर आरओ प्लांट लगाए जाने को लेकर नगर में चर्चाएं भी सामने आई हैं। स्थानीय स्तर पर इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं कि सरकारी योजना के तहत स्थापित पेयजल सुविधा का लाभ सार्वजनिक रूप से आमजन को मिलना चाहिए। हालांकि इस संबंध में संबंधित पक्ष की ओर से कोई अलग स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य धनौरा जुबेर आलम सहित सभासद एवं अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।
