गाजियाबाद: प्रीपेड बिजली मीटर के खिलाफ फूटा गुस्सा, समाधान दिवस में उठी मीटर बदलने की मांग

गाजियाबाद के मोदीनगर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान बिजली के प्रीपेड मीटर को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। संजयपुरी, जगतपुरी और बेगमाबाद बुदाना क्षेत्र के दर्जनों निवासी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष जमकर विरोध दर्ज कराया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनियों में प्रीपेड मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली बिल में काफी बढ़ोतरी हो गई है। अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं, ऐसे में बार-बार रिचार्ज कर पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। रिचार्ज न होने की स्थिति में बिजली सप्लाई तुरंत काट दी जाती है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दिनभर रिचार्ज कराने के बावजूद राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुराने पोस्टपेड मीटर नहीं लगाए गए तो वे इन प्रीपेड मीटरों को हटाने पर मजबूर होंगे।

भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटने से बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रीपेड मीटर हटाकर जल्द से जल्द पोस्टपेड मीटर लगाए जाएं, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

वहीं, प्रशासन ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, मामले को लेकर क्षेत्र में असंतोष का माहौल बना हुआ है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.