मोदीनगर में अवैध कॉलोनियों पर चला जीडीए का बुलडोजर, 47 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में कार्रवाई

गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। उपाध्यक्ष के निर्देश पर शनिवार को प्रवर्तन जोन-02 की टीम ने करीब 47 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हापुड़ रोड स्थित खसरा संख्या 442 व 492 में लगभग 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं, ललितपुर तिबड़ा क्षेत्र के खसरा संख्या 10 और 11 में करीब 22 हजार वर्ग मीटर में बिना अनुमति प्लाटिंग और मिट्टी भराव का कार्य चल रहा था।

जीडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां कोई स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़क, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया और सीलिंग की कार्रवाई भी की गई।

कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में अभियान जारी रखा गया और अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

इस दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा। प्राधिकरण ने साफ किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.