गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: मोदीनगर में 50 बीघे में विकसित अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोज़र

मोदीनगर/गाजियाबाद: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम डिडौली, परगना जलालाबाद, गंग नहर रोड स्थित लगभग 50 बीघे क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई GDA के उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स के कड़े निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन ज़ोन 2 प्रभारी के नेतृत्व में की गई। उपाध्यक्ष महोदय द्वारा प्रवर्तन टीम को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि अवैध निर्माण पुनः शुरू होने की स्थिति में तत्काल ध्वस्तीकरण एवं FIR दर्ज की जाए।

खसरा संख्या 839, 840 ग्राम डिडौली में श्री संदीप चौधरी पुत्र ओमवीर सिंह द्वारा अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसमें सड़कों का निर्माण, बाउंड्री वॉल आदि बनाई जा रही थीं। GDA टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोज़र की मदद से इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कड़ा विरोध, फिर भी बुलडोज़र नहीं रुका
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय विकासकर्ता व निर्माणकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल की तैनाती व मुस्तैदी के चलते स्थिति को नियंत्रित किया गया और कार्रवाई निर्बाध रूप से पूरी की गई।

GDA की सख्त चेतावनी
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के किया गया कोई भी निर्माण तुरंत ध्वस्त कर दिया जाएगा। नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और किसी भी भूखंड खरीद से पहले उसकी वैधता की जांच करने का अनुरोध किया गया है।

कार्रवाई में शामिल टीम:
ध्वस्तीकरण अभियान में प्रभारी ज़ोन 2, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ता, एवं पुलिस बल की संयुक्त उपस्थिति रही।

प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा, और आवश्यकतानुसार सीलिंग एवं विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.