रेवाड़ी से जींद तक मोदी का विजन बना हरियाणा की पहचान, 17 जुलाई को ग्रीन भारत के नए युग का शंखनाद
सैनिक सम्मान, बेटी बचाओ, संस्कृति, एयरपोर्ट और अब हाइड्रोजन ट्रेन, हरियाणा बना राष्ट्रीय परियोजनाओं की पहली पसंद
जींद , ऐलनाबाद ( हरियाणा ), 13 जुलाई ( डॉ एम पी भार्गव, विशेष प्रतिनिधि ): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के जींद दौरे को लेकर पूरे हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने जनसंपर्क और जनजागरण अभियान को तेज कर दिया है। हर स्तर पर बैठकों, कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसंपर्क अभियान, सोशल मीडिया आउटरीच, व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों से संवाद, बूथ स्तर की तैयारियों तथा रैली स्थल पर व्यापक व्यवस्थाओं के माध्यम से भाजपा इसे केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प का जन उत्सव बनाने में जुटी है। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और विकासात्मक रहा है। वर्ष 2013 की ऐतिहासिक रेवाड़ी सैनिक सम्मान रैली से लेकर वर्ष 2026 में जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ तक हर बड़ा पड़ाव हरियाणा की राष्ट्रीय पहचान को नई ऊंचाई देने वाला रहा है।
भाजपा के अनुसार 15 सितंबर 2013 की रेवाड़ी सैनिक सम्मान रैली से देश को मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा का विजन मिला। उसी मंच से “वन रैंक, वन पेंशन” का संकल्प दोहराया गया, जिसे बाद में केंद्र सरकार ने लागू किया। इससे हरियाणा के लगभग 1.80 लाख पूर्व सैनिकों को 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लाभ मिला।
इसी प्रकार 22 जनवरी 2015 को पानीपत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान का शुभारंभ किया। केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से कन्या भ्रूण हत्या पर प्रभावी नियंत्रण हुआ और हरियाणा की सामाजिक सोच में सकारात्मक परिवर्तन आया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि 24 अप्रैल 2022 को कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम ने देश को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के सम्मान का संदेश दिया। वहीं हिसार में विकसित हो रहा महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पश्चिमी हरियाणा की अर्थव्यवस्था, उद्योग, निवेश और रोजगार को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
अब 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भाजपा के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के ग्रीन मोबिलिटी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के विजन का अगला महत्वपूर्ण अध्याय होगा। पार्टी का कहना है कि इससे भारत स्वच्छ ईंधन आधारित रेल तकनीक के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों की श्रेणी में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को केवल योजनाएं नहीं दीं, बल्कि राष्ट्रीय पहचान देने वाली परियोजनाएं दी हैं- रेवाड़ी से राष्ट्रीय सुरक्षा, पानीपत से नारी शक्ति, कुरुक्षेत्र से सांस्कृतिक गौरव, हिसार से आधुनिक विमानन और अब जींद से ग्रीन टेक्नोलॉजी की नई पहचान स्थापित हो रही है। 17 जुलाई के कार्यक्रम में रेलवे, स्वास्थ्य तथा आधारभूत ढांचे से जुड़ी अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। भाजपा का कहना है कि दो नए मेडिकल कॉलेज प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देंगे तथा युवाओं के लिए अवसर बढ़ाएंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय है। प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, मंत्रियों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों ने विभिन्न जिलों में लगातार बैठकें कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। रैली संयोजक के नेतृत्व में व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान में लगाया गया है तथा गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी हाइड्रोजन ट्रेन, विकसित भारत, विकसित हरियाणा और ग्रीन टेक्नोलॉजी को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
भाजपा का कहना है कि 2014 से पहले हरियाणा को राष्ट्रीय परियोजनाओं में अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिलती थी, जबकि आज प्रदेश एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट, मेडिकल शिक्षा, औद्योगिक कॉरिडोर और ग्रीन एनर्जी जैसी परियोजनाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता “घोषणा नहीं, डिलीवरी” है और हरियाणा इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। उनका कहना है कि जींद का चयन भी संयोग नहीं, बल्कि रणनीतिक सोच का परिणाम है, जहां से पूरे देश को हरित तकनीक और भविष्य की ऊर्जा व्यवस्था का संदेश दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने कहा कि 17 जुलाई का जींद कार्यक्रम केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि विकसित भारत की नई विकास यात्रा का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं बनाया, बल्कि राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं का केंद्र बनाया है। रेवाड़ी से राष्ट्रीय सुरक्षा, पानीपत से नारी सशक्तीकरण, कुरुक्षेत्र से सांस्कृतिक चेतना, हिसार से आधुनिक विमानन और अब जींद से ग्रीन मोबिलिटी का संदेश पूरे देश को जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज आधुनिक अवसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल, सड़क, हवाई संपर्क और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है तथा 17 जुलाई का कार्यक्रम इसी परिवर्तन की ऐतिहासिक कड़ी सिद्ध होगा।
