गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के बाद अमृतसर देहाती पुलिस की सख्ती, किरायेदार सत्यापन अभियान शुरू
अमृतसर।अमृतसर देहाती क्षेत्र में गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ पंजाब सरकार की सख्त नीति के तहत पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। 72 घंटे तक चले सफल “ऑपरेशन प्रहार” के बाद अब अमृतसर देहाती पुलिस ने किरायेदारों और प्रवासी लोगों के सत्यापन को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है।
अमृतसर देहाती के एसएसपी सोहेल मीर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गैंगस्टरों के सहयोगियों, शूटरों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि अक्सर अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे क्षेत्रों में किराए पर रहना शुरू कर देते हैं, जिससे उनकी पहचान और गतिविधियों की जानकारी पुलिस व मकान मालिकों के पास नहीं रहती।
एसएसपी सोहेल मीर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किरायेदार का पुलिस सत्यापन कराना कानूनन अनिवार्य है और ऐसा न कराना गैर-कानूनी है। यदि किसी मकान में रहने वाला व्यक्ति अपराध कर फरार हो जाता है और उसका सत्यापन नहीं कराया गया है, तो उस स्थिति में मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है।
पुलिस द्वारा अभियान के तहत घर-घर तथा विशेष रूप से व्यावसायिक क्षेत्रों में रैंडम चेकिंग शुरू कर दी गई है। साथ ही आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वे अपने किरायेदारों और प्रवासी कामगारों की पूरी जानकारी समय रहते पुलिस को उपलब्ध कराएं। किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है, जिसे ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से या पंजाब पुलिस की “सांझ” ऐप का उपयोग करके पूरा किया जा सकता है।
इस अवसर पर गांव नंगली के सरपंच अमरिंदर सिंह ने बताया कि एसएसपी सोहेल मीर स्वयं गांव पहुंचे और पंचायत सदस्यों को किरायेदार सत्यापन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत इस अभियान में पूरा सहयोग करेगी और घर-घर जाकर सत्यापन फॉर्म भरवाकर संबंधित थाने में जमा कराए जाएंगे।
एसएसपी सोहेल मीर ने अंत में स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी भी प्रवासी मजदूर या किरायेदार को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने पंचायतों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने से क्षेत्र में अपराध की घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।
khabre junction
