गांव तलवाड़ा झील में पांच दिवसीय संगीतमय श्री श्याम कथा का शुभारंभ

कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

 

  • रिपोर्ट: एमपी भार्गव

ऐलनाबाद: सीमावर्ती गांव तलवाड़ा झील स्थित श्री देव मंदिर प्रांगण में आज से पांच दिवसीय संगीतमय श्री श्याम कथा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें गांव की दर्जनों महिलाओं ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर भाग लिया।

कथावाचक पंडित अमित तिवाड़ी ने किया श्री श्याम कथा का वर्णन
आज की कथा के यजमान आशु भाटी थे। कथाव्यास पंडित अमित तिवाड़ी ने अपने पवित्र मुखारविंद से प्रभु श्री श्याम की कथा का भावपूर्ण गुणगान किया। कथा में उन्होंने महाभारत काल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार पांडवों ने लाक्षा गृह में साजिश के तहत लगाई गई आग से बचने के लिए विदुर द्वारा बनाई गई गुप्त सुरंग का उपयोग किया और हिंडन नदी के तट पर पहुंचे।

भीम और हिडिंबा की कथा से घटोत्कच के जन्म तक का वर्णन
कथा में उन्होंने आगे बताया कि वहां भीम का सामना राक्षस हिडिंब से हुआ और युद्ध में हिडिंब मारा गया। इसके बाद भीम का विवाह हिडिंबा से हुआ, जिससे घटोत्कच का जन्म हुआ। युवा होने पर घटोत्कच प्रयाग ज्योतिषपुर पहुंचे जहां उनका विवाह देवी कामकंटकटा (मोरवी) से हुआ।

भजन गायकों ने बांधा भक्ति का समां
कथा के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक सिकंदर सागर और रामनिवास रसिया ने अपनी मधुर वाणी से भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का माहौल
कार्यक्रम में गांववासियों सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया और कथा श्रवण कर धार्मिक और अध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया। पांच दिन तक चलने वाली यह कथा श्रृंखला भक्तों को प्रभु श्री श्याम के चरित्र और शिक्षाओं से जोड़ेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.