रामपुर। पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ तथा पुलिस अधीक्षक, रामपुर के आदेश के अनुपालन में दिनांक 14 अप्रैल 2025 से 16 अप्रैल 2025 तक “एकजुट हों, अग्नि सुरक्षित भारत को प्रज्वलित करें” थीम के अंतर्गत अग्निशमन दिवस मनाया जा रहा है।
इस अभियान का नेतृत्व अंकुश मित्तल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, रामपुर द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 16 अप्रैल को एफएसएसओ योगेश वर्मा एवं एफएसएसओ सन्नी गौतम द्वारा तहसील स्तरीय अग्निशमन केंद्रों के सहयोग से जनपदीय मुख्यालय एवं तहसील स्तर पर बहुखंडीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सभागारों आदि में अग्नि निवारण, जीव संरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की जांच की गई एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल के सदस्यों एवं नागरिकों को आमंत्रित कर अग्नि एवं जीव सुरक्षा के मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में भी अग्निसुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे अग्निसुरक्षा के प्रति सजग रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग से संपर्क करें।
