उप संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) एटा का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

एटा।जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बुधवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) एटा का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं जनसुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में आने वाले नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, वाहन पंजीकरण तथा अन्य परिवहन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी सेवाएं शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराई जाएं तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान जनसुविधाओं का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न सेवाओं की प्रगति से अवगत कराया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.