सूर्यगढ़ा में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला, 541 अभ्यर्थियों ने कराया निबंधन
डीएम मिथिलेश मिश्र व डीडीसी सुमित कुमार ने किया उद्घाटन, 359 युवाओं का चयन
लखीसराय(सरफराज आलम)सूर्यगढ़ा प्रखंड में शुक्रवार को दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। मेले में कुल 541 अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया, जिनमें से 359 युवाओं का रोजगार एवं प्रशिक्षण के अगले चरण के लिए चयन किया गया।
जीविका द्वारा आयोजित मेले का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में डीएम ने युवाओं से मेले के माध्यम से रोजगार एवं मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिली राशि का उपयोग अपने हुनर के अनुरूप करने को कहा।
मेले में सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, मशीन ऑपरेटर, रिटेल, लॉजिस्टिक स्टाफ, डाटा ऑपरेटर एवं फार्मा समेत विभिन्न पदों के लिए चयन व मार्गदर्शन किया गया। आठवीं पास से लेकर स्नातक तक के अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
रोजगार मेले में Tata Motors, Airtel Payments Bank, SIS Security, Utkarsh Small Finance Bank, Vision India Services, DCM Textiles, Blinkit एवं Life Insurance Corporation of India सहित कुल 10 कंपनियों ने स्टॉल लगाए।
जीविका के प्रबंधक (रोजगार) अमित कुमार ने बताया कि मेले का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना एवं मार्गदर्शन देना है। कार्यक्रम का मंच संचालन राकेश पोद्दार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवीन कुमार ने दिया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उपस्थित रहे।
