Robbery of gold earrings from elderly woman in Ellenabad: घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की सोने की बालियां छीनने वाले दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
Robbery of gold earrings from elderly woman in Ellenabad (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद थाना क्षेत्र में महिलाओं के कपड़े पहनकर नकाब लगाकर घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीनने की वारदात को पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीनी गई सोने की बालियां बरामद कर ली हैं।
ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने बताया कि बीती शाम ऐलनाबाद निवासी बुजुर्ग महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि रात करीब आठ बजे घर के अन्य सदस्य काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान महिलाओं के कपड़े पहने दो नकाबपोश युवक उसके घर में घुसे। एक युवक घर के अंदर आया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करने लगा। शिकायत के अनुसार, घर के अंदर आए युवक ने महिला से जेवरात देने की मांग की।
महिला के चारपाई से उठने का प्रयास करने पर आरोपी ने उसे धक्का दिया तथा उसके बाएं हाथ पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी महिला के कानों में पहनी सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छीना-झपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में काबू कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई सोने की बालियां भी बरामद कर ली गई हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी।
