डीएसपी ऐलनाबाद ने रानियां थाना क्षेत्र के नशा मुक्त घोषित 6 गांवों के सरपंचों को स्मृति चिन्ह देकर किया   सम्मानित

पुलिस प्रशासन व आमजन के अथक प्रयासों से अब तक 174 गांव तथा सिरसा व ऐलनाबाद के 12 वार्डो को नशा मुक्त किया जा चुका है

ऐलनाबाद 17 अप्रैल ( एम पी भार्गव )पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण के निर्देशानुसार जिला भर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरुकता अभियान के तहत ऐलनाबाद डीएसपी संजीव बल्हारा ने आज रानियां थाना क्षेत्र के गांव जोधपुरिया में पंहुचकर 6 गांवों को नशा मुक्त घोषित कर गांवों के सरपंचों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया । सम्मानित होने वाले गांवों में जोधपुरिया के सरपंच वेदप्रकाश,गांव गिंदड़ा के सरपंच जसबंत सिंह,गांव कुस्सर की सरपंच राजपाल कौर,गांव खाजा खेड़ा के सरपंच रवि कुमार,गांव बचेर के सरपंच साधु राम व गांव मम्मडखेड़ा के सरपंच बलदेव सिंह के नाम शामिल है । डीएसपी संजीव बल्हारा ने उपस्थित लोगों से कहा कि नशा एक ऐसी समस्या है जो समाज के लिए बहुत बड़ा खतरा है। यह न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करता है । नशे से बचाव के लिए सामाजिक संगठनों और परिवारों को मिलकर पुलिस प्रशासन के साथ काम करना चाहिए । उन्होने बैठक में उपस्थित लोगों से कहा कि नशे के कारण व्यक्ति की सोच और व्यवहार में बदलाव आता है, जिससे वह अपने परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा नहीं कर पाता है। नशे के कारण व्यक्ति की सेहत भी खराब होती है, जिससे उसे कई प्रकार की बीमारियां हो सकती हैं।

डीएसपी संजीव बल्हारा ने कहा कि नशे का समाज और परिवार पर दुष्प्रभाव पड़ता है । नशा समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करता है । नशे के कारण समाज में अपराध और हिंसा बढ़ती है, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है । उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक होना चाहिए तथा अपने आसपास नशा करने वालों को भी जागरुक करना चाहिए । डीएसपी ऐलनाबाद संजीव बल्हारा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के काफी सार्थक परिणाम सामने आ रहे है,नशे से पीड़ित युवा खुद नशा छोड़ने के लिए आगे आ रहे है । उन्होंने कहा कि जिला पुलिस स्थानीय प्रशासन के सहयोग से नशे से पीड़ित युवाओं की काउंसलिंग करवा कर नशा छुड़वाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है,ताकि युवाओं को समाज की मुख्यधारा में लाया जा सके । डीएसपी संजीव बल्हारा ने आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से कहा कि जिला पुलिस द्वारा लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए लगातार गांव गांव जाकर सेमिनार व सभाओं का आयोजन कर नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है । उन्होंने बताया कि जिला पुलिस व आमजन के अथक प्रयासों से अब तक जिला के 174 गांवों तथा शहर सिरसा व ऐलनाबाद के 12 वार्डो को नशा मुक्त किया जा चुका है ।

इस अवसर पर डीएसपी संजीव बल्हारा ने जिला की अन्य ग्राम पंचायतों से भी आह्वान करते हुए कहा है,कि वे भी नशा मुक्त गांवों को अपना रोल मॉडल मानकर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम भूमिका निभाकर अपने गांवों तथा आसपास के इलाकों को नशा मुक्त करने में पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें । उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जन आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा तो निश्चित तौर पर समाज नशा मुक्त होगा । डीएसपी संजीव बल्हारा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके । इस अवसर पर रानियां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार व नशामुक्त घोषित 6 गांवों की पंचायत व अन्य गणमान्य लोग मुख्य रुप से बैठक में उपस्थित रहे ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.