- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने भारत में हाइड्रोपोनिक गांजा की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस अभियान को कोडनेम “WeedOut” दिया गया। 19 और 20 अगस्त को बेंगलुरु, भोपाल और नई दिल्ली में की गई कार्रवाई में कई बरामदगियाँ हुईं और इस दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक आरोपी इस गिरोह का मुख्य सहयोगी बताया जा रहा है।
बरामदगी की शुरुआत 19 अगस्त को हुई, जब DRI अधिकारियों ने रूटीन चेक के दौरान बेंगलुरु से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में कार्रवाई की। भोपाल जंक्शन पर पकड़े गए एक यात्री के पास से 24.186 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया।
इसके अगले दिन, 20 अगस्त, को उसी ट्रेन में दिल्ली की ओर जा रहे एक अन्य यात्री से 29.88 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
DRI अधिकारियों के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार देश के कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। बरामद हाइड्रोपोनिक गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और DRI इस पूरे नेटवर्क के अन्य सहयोगियों और सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
