ऐलनाबाद, 18 अगस्त (एम. पी. भार्गव)। ऐलनाबाद खंड के गांव मिठनपुरा स्थित श्री गौशाला में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर श्रीकृष्ण गोसेवा समिति द्वारा विशाल सत्संग, भंडारा और दानी सज्जनों के मान-सम्मान हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में गौशाला प्रधान राजेंद्र भाम्भूं ने बताया कि वर्ष 2003 से स्थापित यह गौशाला ग्रामीणों की आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग गोमाता के दर्शन करने आते हैं। गौशाला में नवनिर्माण कार्य जारी है, जिसके तहत अलग-अलग बाड़ों में चार शैड बनाए जाने हैं। इनमें से एक शैड का निर्माण गांव के मेहनती युवा समाजसेवी डॉ. आकाश भाम्भूं द्वारा दानस्वरूप करवाया जा रहा है, जिस पर 2 लाख रुपये से अधिक का खर्च आएगा।
इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों और गौशाला कमेटी के सदस्यों ने डॉ. आकाश भाम्भूं का भव्य स्वागत कर विशेष मान-सम्मान किया। जयप्रकाश हरडू ने भी गोशाला के लिए सराहनीय सहयोग दिया।
डॉ. आकाश भाम्भूं ने कहा कि इंसान को सदैव सेवा कार्यों में आगे रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “गोसेवा सबसे बड़ी सेवा है। गोमाता की सेवा से मन को शांति मिलती है और हमें हमेशा तत्पर रहकर गोमाता की सेवा करनी चाहिए। समाज के सभी लोगों को ऐसे धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।”
सत्संग में बाहर से आए संत शीतलनाथ, सुधीर शास्त्री और मुक्ता ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि मेघाराम सोलंकी, वेद पूनियां, रूपराम, जगतार सिंह, सुभाष धर्मपाल पूनियां, जीतराम भाम्भूं, जगदीश सुथार, रामसिंह भाम्भूं, जगदीश छींपा, पुरुषोत्तम, विनोद भाम्भू, राकेश छींपा, इंद्राज रूहील, भागाराम मेघवाल, अमरसिंह भाम्भूं, डूंगरराम छींपा, बुधराम छींपा सहित समस्त गांववासी, गौशाला स्टाफ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
