डीएम ने पोंछे गरीबों के आंसू: घायल बच्ची के इलाज को 60 हजार की मदद, जरूरतमंदों को आयुष्मान कार्ड

रामपुर। योगी सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चलाया जा रहा जनता दर्शन अभियान अब गरीबों और असहायों के लिए उम्मीद की किरण बनता जा रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कई जरूरतमंदों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया।

जनता दर्शन के दौरान एक मार्मिक मामला सामने आया, जब तहसील सदर के अजीतपुर खेड़ा निवासी प्रियंका ने अपनी घायल बच्ची के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनकी मासूम बच्ची छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई है और मुरादाबाद के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते इलाज कराना मुश्किल हो गया है। यह सुनते ही जिलाधिकारी ने तत्काल चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से 60 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। साथ ही बच्ची का आयुष्मान कार्ड भी तुरंत बनवाकर उपलब्ध कराया, ताकि आगे का इलाज बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

प्रशासन की तत्परता का एक और उदाहरण उस समय देखने को मिला जब शाहबाद क्षेत्र के पट्टी फजिलाबाद निवासी कपिल ने अपनी गंभीर बीमारी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर मदद मांगी। जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जनता दर्शन में उन्हें आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया, जिससे अब उनका मुफ्त इलाज संभव हो सकेगा।

इसी क्रम में तहसील मिलक के ग्राम मोहम्मदपुर क्योरार निवासी पशुपतिनाथ और उनके बच्चों को भी आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इस योजना के तहत अब उन्हें प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी गरीब का इलाज धन के अभाव में नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.