मिशन शक्ति अभियान-5.0” के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ-साथ पारिवारिक विवादों के समाधान हेतु जनपद रामपुर पुलिस निरंतर प्रयासरत

रामपुर: “मिशन शक्ति अभियान-5.0” के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ पारिवारिक विवादों को सुलझाने में जनपद रामपुर पुलिस लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। महिला थाना मिशन शक्ति केन्द्र द्वारा हाल ही में दो ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जिनसे दो परिवारों के टूटने से बचाव हुआ और मासूम बच्चों को अपने माता-पिता का साया दोबारा मिल सका।

पहला मामला:
एक आवेदिका ने अपने पति और ससुरालजनों के खिलाफ दहेज की मांग और मारपीट की शिकायत दी थी। महिला थाना मिशन शक्ति केन्द्र द्वारा दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुना गया। काउंसलिंग के माध्यम से आपसी समझ-बुझ से समझौता कराया गया और गलती की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी गई। परिणामस्वरूप दम्पति का घर टूटने से बच गया और उनके तीनों मासूम बच्चे पुनः अपने माता-पिता के साथ रह सके।

दूसरा मामला:
एक अन्य आवेदिका ने अपने पति द्वारा की गई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। मिशन शक्ति केन्द्र द्वारा दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर मनमुटाव दूर कराया गया। पांच महीने बाद आवेदिका का घर फिर से बस गया, जिससे उसके दो मासूम बच्चों को स्थिर पारिवारिक माहौल मिला।

काउंसलिंग के दौरान दोनों परिवारों में आपसी मतभेद समाप्त हुए और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पुनः एकजुट होकर जीवन यापन करने का निर्णय लिया गया। महिला थाना टीम ने इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पम्पलेट वितरित कर महिलाओं को जागरूक किया।

यह पहल “मिशन शक्ति अभियान” के उस मूल उद्देश्य को सशक्त करती है, जिसके तहत महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान दिलाने के साथ-साथ पारिवारिक समरसता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.