यूपीटीईटी-2026 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर: यूपीटीईटी-2026 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने रामपुर शहर स्थित राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज एवं आश्रम पद्धति विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से पूर्व पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष एवं निर्विघ्न संपन्न हो सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.