नगरपालिका ऐलनाबाद द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी
आबादी क्षेत्र में खुला छोड़ा गया बोरवेल किसी बड़ी घटना के इंतजार में, पार्षद सुभाष चन्द्र
ऐलनाबाद, 20 जून(एम पी भार्गव): शहर के वार्ड नंबर तीन के पार्षद सुभाष चन्द्र ने नगरपालिका सचिव ऐलनाबाद को पत्र लिखकर तलवाड़ा रोड पर स्थित एक खुले/असुरक्षित बोरवेल को दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि आपके विभाग द्वारा तलवाड़ा रोड पर तकरीबन दो वर्ष पहले एक बोरवेल खुदवाया गया था,परन्तु कार्य पूरा होने के बाद या बिना उपयोग के इस बोरवेल को खुला और असुरक्षित छोड़ दिया गया है।
यह खुला बोरवेल किसी भी समय एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है, क्योंकि यह मुख्य मार्ग होने के कारण इस क्षेत्र में वाहनों का आना-जाना बना रहता है। रात के समय अंधेरे में किसी के भी इसमें गिरने का खतरा भी बना रहता है। इसके ऊपर ढक्कन न होने के कारण इसमें किसी भी समय आवारा जानवर या बच्चे भी गिर सकते हैं, जिससे किसी भी अनहोनी या फिर बड़ा हादसा होने की पूरी संभावना बनी हुई है। पार्षद सुभाष चन्द्र ने लिखा है कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस और प्रशासन के सख्त आदेशों के बावजूद खुले बोरवेल का इस तरह छोड़ दिया जाना गंभीर लापरवाही का विषय है।
इसलिए इस अत्यंत संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम भेजकर इस बोरवेल को सुरक्षित रूप से ढकवाया जाए। ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके। साथ ही इसको सरेआम खुला छोड़कर जाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
