सीआरपीएफ इंस्पेक्टर से सेवानिवृत्त होकर पैतृक गांव पहुंचे हरिशंकर शर्मा, क्षेत्रवासियों ने किया जोरदार स्वागत

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

Rampur: सीआरपीएफ में लंबे समय तक देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हुए हरिशंकर शर्मा के अपने पैतृक गांव दनियांपुर, तहसील सदर, जिला रामपुर पहुंचने पर समस्त क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।

इस दौरान हरिशंकर शर्मा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि “जिस जन्मभूमि से मैंने अपने जीवन और नौकरी की शुरुआत की थी, आज सेवानिवृत्ति के बाद उसी स्थान पर लौटकर मुझे बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उनकी माता पिता जी की अनेक यादें भी इसी गांव और इसी स्थान से जुड़ी हुई हैं। हरिशंकर शर्मा ने कहा कि नौकरी के दौरान परिस्थितियों के चलते वह शहर में रहने लगे, लेकिन अपनी जन्मभूमि और गांव से उनका लगाव कभी कम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इंसान चाहे जीवन में कितनी भी ऊंचाइयां हासिल कर ले और कहीं भी रहने लगे, लेकिन अपनी जन्मभूमि की मिट्टी और वहां बिताए बचपन की यादें हमेशा उसके दिल में रहती हैं।

सेवानिवृत्ति के बाद गांव पहुंचकर उन्होंने अपनी जन्मभूमि को नमन किया और पुराने परिचितों एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर पुरानी यादों को ताजा किया। उनके गांव लौटने पर क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने कहा कि हरिशंकर शर्मा ने सीआरपीएफ में रहकर देश की सेवा की और अब उनका गांव लौटना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

भतीजे आशीष शर्मा ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर गांव के लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। हरिशंकर शर्मा ने भी सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांववासियों का यह स्नेह और सम्मान उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.