लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में नावालिगों द्वारा वाहन चलाने के बढ़ते मामलों को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल मणि पंकज ने सख्त लेकिन भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों का चालान काटते समय प्रशासन भी अंदर से दुखी होता है।उन्होंने कहा, “जब किसी नाबालिग का 25,000 रुपये का चालान काटना पड़ता है, तो हमारा भी हृदय दुखता है। लेकिन कानून का पालन कराना हमारी जिम्मेदारी है।डीटीओ मुकुल पंकज मणि ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन की चाभी न दें। उन्होंने कहा कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे निर्धारित उम्र पूरी होने के बाद ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं और वाहन चलाते समय तेज गति से बचें। साथ ही सभी से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सड़क हादसों को रोकने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।अंत में उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों, खासकर लखीसराय फर्स्ट, का आभार जताया, जिन्होंने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान को प्रमुखता से स्थान दिया और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई।साथ ही उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है और इसे लेकर सभी को जागरूक होना बेहद जरूरी है।
