कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने राहुल गांधी की ‘वोट चोरी’ प्रेस कॉन्फ्रेंस का किया समर्थन, बोलीं- सुनियोजित साजिश से की गई वोट की हेराफेरी

असंध(डॉ एम पी भार्गव )। कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ‘वोट चोरी’ मुद्दे पर की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का समर्थन किया और कहा कि उन्होंने देश के सामने वोट की हेराफेरी और सुनियोजित साजिश का खुलासा किया है।

असंध में गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के वोटों को जानबूझकर काटा और बदला गया। यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है और लोकतंत्र को बचाने के लिए सबको एकजुट होना होगा।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद डी.पी. राय और कई अन्य नेता मौजूद रहे। सभी ने पूर्व असंध विधायक शमशेर सिंह गोगी का 70वां जन्मदिन मनाया।

सैलजा ने कहा कि उचाना विधानसभा से संबंधित याचिका को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि न्यायालय की पारदर्शी प्रक्रिया में कांग्रेस प्रत्याशी बृजेन्द्र सिंह की जीत तय है।

बीजेपी के अंदरूनी विवादों पर टिप्पणी करते हुए सैलजा ने कहा—“हम पर उंगली उठाने वाले बीजेपी की हालत देख लें। आज उनकी ही सरकार में मंत्री और विधायक असंतुष्ट हैं, गुटबाजी साफ दिखाई दे रही है।”

वहीं, पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह ने उचाना सीट मामले पर कोर्ट में विचाराधीन होने का हवाला देते हुए टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि आदेश रिज़र्व रख लिया गया है और अगली सुनवाई तय की गई है।

हरियाणा में पार्टी पुनर्गठन को लेकर बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि 12 साल बाद नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति एक सकारात्मक शुरुआत है। संगठन के विस्तार का पहला चरण पूरा हो गया है और जल्द ही और लोगों को जिला व ब्लॉक स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी।

इस अवसर पर गोगी ने अपने जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए सभी नेताओं और समर्थकों का आभार जताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.