अमृतसर। अमृतसर के कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका, पूर्व विधायक सुनील दत्ती, पूर्व मंत्री अनिल जोशी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ मदान उर्फ मित्तू मदान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि यह कार्यक्रम पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के तहत आयोजित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता में आए करीब चार साल हो चुके हैं, लेकिन चुनाव के दौरान किए गए अधिकांश वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं।
औजला ने महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने की योजना को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव के समय आम आदमी पार्टी ने पंजाब की महिलाओं से आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इस योजना को लागू नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि यदि सरकार अब यह राशि देने की बात करती है तो पहले पिछले चार वर्षों के 48 हजार रुपये महिलाओं के खातों में जमा कराए जाएं और राज्य की माताओं-बहनों से माफी मांगी जाए।
उन्होंने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय पंजाब के बजट को सरप्लस बनाने का दावा किया गया था, लेकिन वास्तविकता यह है कि राज्य पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार हजारों करोड़ रुपये विज्ञापनों पर खर्च कर रही है, जबकि यही धन स्कूलों, अस्पतालों और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगाया जा सकता था।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा। औजला ने कहा कि सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों की भारी कमी है और कई संस्थानों में स्थायी प्रिंसिपल तक नियुक्त नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “स्कूल ऑफ एमिनेंस” के नाम पर केवल प्रचार किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं।
कांग्रेस नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई। उनका कहना था कि पंजाब में हत्या, गोलीबारी और फिरौती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकारी दफ्तरों, कचहरियों और थानों में आज भी बिना रिश्वत के लोगों के काम नहीं हो रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता को भविष्य में सोच-समझकर जनहित में काम करने वाली सरकार चुननी चाहिए।
khabre junction
