चाकू की नोक पर वृद्ध महिला से लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

ऐलनाबाद, मार्च (एम पी भार्गव)। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वृद्ध महिला से चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की बालियां और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैसल खान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ऐलनाबाद थाना पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस लूट की वारदात का खुलासा किया।

एएसपी फैसल खान के अनुसार ऐलनाबाद क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 निवासी एक वृद्ध महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने घर में अकेली रहती है। शिकायत के अनुसार 27 फरवरी को दोपहर के समय वह घर में सो रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक घर के सामने पहुंचे, जिनमें से तीन युवक घर के अंदर घुस गए। आरोपियों में से दो युवकों ने महिला के हाथ पकड़ लिए, जबकि तीसरे युवक ने चाकू दिखाकर उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं।

इसके बाद आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और उसे मुंह के बल जमीन पर गिराकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना ऐलनाबाद में तुरंत लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान ऐलनाबाद थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतू उर्फ जीत सिंह पुत्र रामस्वरूप, जयकिशन पुत्र मक्खन सिंह, राजेश कुमार पुत्र मक्खन सिंह निवासी तलवाड़ा खुर्द तथा आकाशदीप पुत्र दलबीर राम निवासी वार्ड नंबर 2, सूरतगढ़ जिला गंगानगर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों को तलवाड़ा खुर्द बाईपास क्षेत्र से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए लूट और छीना-झपटी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। गिरफ्तार आरोपी जीतू उर्फ जीत सिंह और आकाशदीप सिंह के खिलाफ पहले से ही चोरी व मारपीट के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया, जिसके दौरान उनकी निशानदेही पर लूटी गई सोने की बालियां बरामद कर ली गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। मामले की गहनता से जांच जारी है।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.