- रिपोर्ट: एम पी भार्गव
ऐलनाबाद/सिरसा: सिरसा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता के दिशा-निर्देशों पर मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने गश्त और चैकिंग के दौरान गांव बड़ागुढा क्षेत्र से एक कार सवार व्यक्ति के कब्जे से 13 पेटी (156 बोतल) अवैध देशी शराब बरामद की है।
महत्वपूर्ण सूचना पर की गई कार्रवाई
सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम गांव वीरुवाला गुढा क्षेत्र में मौजूद थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि गुरमीत सिंह पुत्र जगराज सिंह, निवासी गांव बड़ागुढा, अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ में आया आरोपी
इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वीरुवाला रोड पर सरकारी अस्पताल बड़ागुढा के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद बड़ागुढा की तरफ से एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार चालक ने वाहन को अचानक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।
156 बोतल देशी शराब बरामद, लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी
शक के आधार पर पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें 13 पेटी (कुल 156 बोतल) देशी शराब बरामद हुई। जब आरोपी से शराब का लाइसेंस व गाड़ी के कागजात मांगे गए, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने गुरमीत सिंह के खिलाफ थाना बड़ागुढा में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि आगे की जांच में जो भी व्यक्ति इस शराब तस्करी नेटवर्क में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
