जिंदगी चुनो, तंबाकू नहीं’: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर सिविल कोर्ट के न्यायिक अधिकारियों-कर्मियों ने ली धूम्रपान छोड़ने की शपथ

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पहल: खुद नहीं करेंगे सेवन, परिजनों-परिचितों को भी प्रेरित करेंगे

लखीसराय(सरफराज आलम)विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के तत्वावधान में सिविल कोर्ट के सभागार में एक प्रेरक आयोजन हुआ। यहां न्यायमंडल के न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में धूम्रपान व तंबाकू उत्पादों से दूर रहने की शपथ ली। साथ ही परिजनों और परिचितों को भी इस जानलेवा लत से बचाने का संकल्प लिया गया।
आयोजित कार्यक्रम में सभी न्यायिक अधिकारियों व कर्मियों ने हाथ उठाकर शपथ ली कि वे खुद कभी धूम्रपान या तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे। इतना ही नहीं, अपने परिवार, दोस्तों और आस-पड़ोस के लोगों को भी तंबाकू छोड़ने के लिए जागरूक करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न्यायिक परिसर को तंबाकू मुक्त बनाना और समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों का सबसे बड़ा कारण है। हर साल लाखों लोग तंबाकू के कारण असमय जान गंवाते हैं। न्यायालय से जुड़े लोग समाज के रोल मॉडल होते हैं। जब वे खुद नशा छोड़ने की पहल करेंगे तो इसका असर आम लोगों पर भी पड़ेगा। शपथ ग्रहण के दौरान बताया गया कि तंबाकू छोड़ना मुश्किल जरूर है, लेकिन नामुमकिन नहीं। इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से इस लत से छुटकारा पाया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि कोर्ट परिसर में पहले से ही धूम्रपान निषेध है। अब इस शपथ के बाद निगरानी और सख्त की जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता व न्यायालय कर्मी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा: “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.