Chhath Puja 2026: अमृतसर रेलवे स्टेशन पर छठ यात्रियों की भारी भीड़, 5 घंटे की देरी के बावजूद घर लौटने का उत्साह बरकरार

Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पंजाब के अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले प्रवासी कामगार अपने परिवारों के साथ छठ महापर्व मनाने के लिए पैतृक गांवों की ओर रवाना हो रहे हैं। स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सुबह से ही यात्रियों की लंबी कतारें और ट्रेनों में चढ़ने के लिए लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। हालांकि ट्रेनों की देरी और सफर की परेशानियां भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर पा रही हैं।

Chhath Puja 2026: छठ पूजा के लिए घर लौट रहे यूपी-बिहार के प्रवासी

छठ महापर्व को लेकर अमृतसर में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार के प्रवासियों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। कोई गोरखपुर जा रहा है तो कोई मोतिहारी और अररिया के लिए रवाना हो रहा है। यात्रियों का कहना है कि पूरे साल उन्हें छठ पूजा का इंतजार रहता है। इस पर्व को परिवार के साथ अपने गांव में मनाने की खुशी ही अलग होती है।

 Land Dispute: भोजपुर में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमले का आरोप

गोरखपुर जा रही संजू देवी ने बताया कि वह पूरे परिवार के साथ छठ पूजा करने के लिए घर जा रही हैं। पर्व मनाने के बाद करीब 15 दिन में वापस लौटेंगी। उन्होंने बताया कि छठ व्रत पति और बच्चों की लंबी उम्र तथा परिवार की सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है। इसमें सूर्य देव और छठी मैया की विशेष आराधना की जाती है।

chhath-puja-2026-amritsar-railway-station

Chhath Puja 2026: संतान की लंबी उम्र के लिए माताएं रखती हैं कठिन निर्जला व्रत

स्टेशन पर मौजूद एक अन्य यात्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश और बिहार में छठ पूजा बड़े उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाई जाती है। इस पर्व का इंतजार लोगों को पूरे साल रहता है। छठ पूजा में माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए 24 से 36 घंटे तक कठिन निर्जला व्रत रखती हैं।

उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश मां की तबीयत ठीक नहीं होती है तो पिता भी छठ व्रत की परंपरा निभाते हैं। बिहार के अररिया जिले के एक यात्री ने बताया कि साल में एक बार आने वाले इस महापर्व को लेकर घरों में विशेष तैयारियां होती हैं। व्रती महिलाएं सुबह और शाम सूर्य देव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति की कामना करती हैं।

Chhath Puja 2026: पांच घंटे देरी से चल रही ट्रेन, फिर भी यात्रियों में उत्साह

छठ पूजा के चलते रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ के बीच ट्रेनों की देरी भी परेशानी बढ़ा रही है। मोतिहारी जा रही एक महिला श्रद्धालु और गोरखपुर जा रहे धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनकी दोपहर 12:45 बजे रवाना होने वाली ट्रेन करीब पांच घंटे की देरी से शाम 5:45 बजे रवाना हो रही है।

इसके बावजूद यात्रियों के चेहरे पर घर पहुंचने की खुशी साफ दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि छठ बिहार और पूर्वांचल का प्रमुख लोकपर्व है। ऐसे में घर पहुंचने के लिए कुछ घंटे इंतजार करना कोई बड़ी बात नहीं है।

Chhath Puja 2026: ‘सब छठ मैया की कृपा है’, श्रद्धालुओं को घर पहुंचने का भरोसा

ट्रेन में भीड़ और सीट मिलने की चिंता के सवाल पर जानकी यादव ने कहा कि भीड़ जरूर है, लेकिन सब छठ मैया की कृपा और देन है। उन्हें पूरा विश्वास है कि उनका सफर आसानी से पूरा हो जाएगा।

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर इन दिनों छठ पूजा की आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कोई 10 से 15 दिन तो कोई महीने भर की छुट्टी लेकर अपने गांव लौट रहा है। प्रवासी परिवारों के लिए यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, परंपरा और अपनों से जुड़ने का अवसर भी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.